उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। मौसम विभाग के अनुमान अनुसार पहले सप्ताह में राजस्थान में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा मंगलवार को जारी किए गए पूर्वानुमान अनुसार 2 मार्च यानी बुधवार को दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण बनने की संभावना है। इसके असर से बीकानेर,गंगानगर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, चुरू, नागौर, सीकर और झुंझुनू जिलों में कुछ जगह दोपहर बाद मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस सिस्टम का 3 मार्च को उत्तर और पूर्वी राजस्थान में कुछ भागों में आंशिक असर देखने को मिल सकता है।
25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में 3 और 4 मार्च को 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। बारिश होने पर राजस्थान के कई शहरों में तापमान में फिर कमी भी आ सकती है। 4 और 5 मार्च को तमिलनाडु-पुदूचेरी और कराइकल में भारी से भारी बारिश हो सकती है।


