रांची,(एआर लाइव न्यूज)। रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने आज सोमवार को चारा घोटाले के 139 करोड़ रुपये के डोरंडा कोषागार गबन मामले में राजद नेता लालू प्रसाद यादव को 5 साल कैद की सजा सुनाई और उन पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। चारा घोटाले के इस पांचवे केस में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को 15 फरवरी को दोषी करार दिया गया था। मामला 1990-96 के दौरान बिहार के डोरंडा कोषागार से 139 करोड़ रुपये की अवैध निकासी से जुड़ा है।
लालू को अब 950 करोड़ रुपये के कुख्यात चारा घोटाले के सभी पांच मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है। लालू प्रसाद यादव के अधिवक्ता ने कहा कि सजा की आधी अवधि पूरी हो गई है, इसलिए लालू को हाईकोर्ट से जमानत मिलने की उम्मीद है।
लालू की तबियत बिगड़ी
सजा सुनाए जाने से पहले ही सोमवार सुबह लालू प्रसाद यादव की तबियत बिगड़ गयी। काफी ज्यादा तनाव लेने से उनका ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल काफी ज्यादा बढ़ गया। हालां कि डॉक्टर्स ने उनको दवाई दी है।


