उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती किमतों से परेशान होकर इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करने वालो को जल्द ही उदयपुर में चार्जिंग स्टेशन की बड़ी सुविधा मिलने लगेगी। प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रशासन ने उदयपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्जिंग करने के लिए 37 स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है।
कलक्टर ताराचंद मीणा ने चार्जिंग स्टेशन बनाने को लेकर शुक्रवार को यूआईटी सचिव अरूण हसीजा, निगम आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ व इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाने वाली कंपनी राजस्थान इलेक्ट्रोनिक्स एण्ड इंस्ट्रूमेंट्स लिमिटेड (रिल) के उप महाप्रबंधक रूपेश चावला के साथ बैठक की। अब जल्द ही यूआईटी व रिल के बीच एमओयू होगा।
केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत दर पर चार्जिंग सुविधा मिलेगी

चार्जिंग स्टेशन पर केन्द्र सरकार द्वारा स्वीकृत दर पर लोग इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग कर सकेंगे। बहुमंजिला इमारतों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने शहरी विकास मंत्रालय द्वारा लागू मॉडल बिल्डिंग बायलॉज-2016 में संशोधन के लिए मुख्य नगर नियोजक, जयपुर को प्रस्ताव भेजा जाएगा। चार्जिंग स्टेशन पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने एवीवीएनएल को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक मेंं यूआईटी के तकनीकी सलाहकार बीएल कोठारी भी मौजूद थे।
33 स्थान हुए तय, 4 की जगह अब देखेेंगे

वर्तमान में 33 तय स्थानों में यूआईटी के अधिकार क्षेत्र में 14 स्थानों पर 20 जबकि निगम क्षेत्र में 13 स्थानों पर 13 चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। शेष 4 स्टेशन के लिए स्थान का चयन किया जाना बाकी है। शेष है। यूआईटी में 6 स्थानों पर डबल चार्जिंग प्वाइंट लगेंगे जिसमें एक स्लो चार्जिंग का होगा और एक फास्ट चार्जिंग का।
वर्तमान में उदयपुर में इतने इलेक्ट्रिक वाहन चल रहे
परिवहन विभाग में वर्तमान में कुल 881 इलेक्ट्रिक वाहनों का पंजीकरण है। जिसमें 620 टू व्हीलर, 122 ई-रिक्शा, 94 ई-कार्ट तथा 45 लाईट मोटर व्हीकल शामिल है। ऐसे में प्रशासन लोगों को ज्यादा से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन उपयोग में लेने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी चार्जिंग स्टेशन जैसी आवश्यक सुविधा विकसित करने जा रहा है। इससे वाहन प्रदूषण भी कम होगा।


