उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। तापमान में चल रहे उतार-चढ़ाव के बीच मौसम विभाग ने 8 और 9 फरवरी को राजस्थान में कुछ जगह बारिश का अनुमान लगाया है। इससे प्रदेश में मौसम में फिर बदलाव आने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा सोमवार को जारी मौसम अनुमान अनुसार 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ व चुरू जिलों में 8 फरवरी की रात को कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 9 फरवरी को बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी को इस सिस्टम का असर समाप्त होगा।
उदयपुर में हल्के बादल छाए रह सकते
मौसम विभाग के अनुसार 8 व 9 फरवरी को उदयपुर जिले में हल्के बादल छाए रह सकते है। 13 फरवरी तक अधिकतम तापमान 26.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री से 11.0 डिग्री के बीचरहने की संभावना है। सोमवार को उदयपुर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री रहा जो कि औसत न्यूनतम तापमान से 2 डिग्री कम है।
इस सीजन में लगभग सभी जिलों में औसत से ज्यादा हुई बारिश

मौसम केंद्र,जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहा। इसके असर से सर्दी के सीजन में राजस्थान में औसत करीब 4 मिमी बारिश हुई है। इस बारिश से फसलों को फायदा होगा।


