फैजल का पिता सलीम लाला कुख्यात अफीम तस्कर था और मंदसौर पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान पुलिस की एसओजी टीम और उदयपुर अंबामाता थाना पुलिस ने सोमवार को मुंबई निवासी शूटर परवेज रहमान सैयद और किशनपोल उदयपुर निवासी हसनैन अली पुत्र फैयाज हुसैन को मल्लातलाई चौराहे से गिरफ्तार किया है। शूटर परवेज मुंबई से उदयपुर फैजल नाम के एक कैदी को मारने आया था।
फैजल प्रतापगढ़ जेल में बंद है और इलाज के लिए प्रतापगढ़ पुलिस उसे उदयपुर अस्पताल लाती रहती है। जेल से उदयपुर अस्पताल लाते समय रास्ते में ही फैजल की गोली मारकर हत्या की जानी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी में जयपुर एसओजी इंस्पेक्टर भूराराम खिलेरी की मुख्य भूमिका रही है।
अंबामाता थानाधिकारी सुनील टेलर ने बताया कि फैजल की हत्या की सुपारी प्रतापगढ़ हाल मुंबई और दुबई निवासी मूसा और उसके पिता याकूब, और मामा अयूब ने 20 लाख रूपए में दी थी। पुलिस के अनुसार मूसा की दुबई में ग्लास फैक्ट्री है। इसी के चलते मूसा और याकूब दुबई रहते हैं।
फैजल और मूसा के बीच रंजिश का प्रथमदृष्ट्या कारण पारिवारिक बताया जा रहा है, लेकिन इस साजिश के तार ड्रग माफिया या अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। क्यों कि फैजल का पिता सलीम लाला कुख्यात अफीम तस्कर था। सलीम लाला को सन् 2006 में मंदसौर, एमपी में पुलिस ने एनकाउंटर कर मार गिराया था, सलीम लाला उस समय ड्रग तस्करी के चलते राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु में वांटेड था।
उदयपुर के हसनैन को हवाला से मिले 10 लाख रूपए

पुलिस ने बताया कि उदयपुर के किशनपोल निवासी हसनैन अली को हवाला से 10 लाख रूपए मूसा ने भिजवा दिए थे। मुंबई से आने वाले शूटर के उदयपुर में ठहरने की व्यवस्था करने, फैजल की पहचान करने और शूटर को हथियार मुहैया करवाने का काम हसनैन का था। शूटर परवेज उदयपुर आ गया था और एक दो दिन में उसके 2 से 3 अन्य साथी भी मुंबई से आने वाले थे। आरोपियों से बरामद हुई पिस्टल हसैनन कल ही खरीद कर लाया था और आज दो मिस फायर करवाकर पिस्टल को चेक भी किया गया था।
फैजल ने मूसा की बहन को शादी कर छोड़ दिया था

थानाधिकारी सुनील टेलर ने बताया कि फैजल ने मूसा की बहन से मुंबई में शादी की थी। इसके बाद दोनों में विवाह विच्छेद हो गया था। इसी को लेकर दोनों परिवारों में रंजिश थी। फैजल पर आरोप है कि उसने एक एक्सीडेंट करवाकर मूसा के परिवार के सदस्यों की हत्या करवाई थी। इसी का बदला मूसा फैजल की हत्या करवा कर लेना चाहता था।
किशनपोल की तंग गलियों में हसनैन ने 100 की स्पीड से दौड़ाई कार

पुलिस टीम ने हसनैन के किशनपोल स्थित घर पर दबिश दी तो हसनैन परवेज को साथ लेकर सूरजपोल की तंग गलियों में 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से कार दौड़ाते हुए वहां से भागा। पुलिस ने दोनों का निजी कार से पीछा किया और मल्लातलाई चौराहे पर चारों ओर से घेर पर धर दबोचा।


