जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर-आगरा हाईवे पर बस्सी क्षेत्र में राजाधोक टोल प्लाजा के पास सवारियों से भरी बस और ट्रोले में टक्कर हो गयी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गयी, वहीं 20 से अधिक सवारियां घायल हुई हैं। हादसे में बाद मदद के लिए पहुंचे लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार निजी ट्रेवल्स की बस ग्वालियर से जयपुर आ रही थी। रात करीब 2 बजे जयपुर-आगरा हाईवे पर बस्सी में बस आगे खड़े ट्रोले से टकरा गयी। हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू

पुलिस ने बताया कि रात दो बजे हाईवे पर काफी अंधेरा था, ऐसे में रेस्क्यू कार्य में काफी दिक्कत आयी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से गाड़ियों की हेडलाइट्स और मोबाइल की टॉर्च जलाकर रेस्क्यू किया। बस में फंसी सवारियों को खिड़कियों के कांच तोड़कर बमुश्किल बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।


