जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर के जयश्री पेड़ीवाल अंतर्राष्ट्रीय स्कूल में मंगलवार को 11 बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक साथ इतने बच्चों के संक्रमित होने की रिपोर्ट आते ही हड़कंप मच गया है। स्कूल प्रबंधन ने एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद कर दिया है।
स्कूल के इतने बच्चों के कोरोना संक्रमित मिलने पर शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने अधिकारियों की मीटिंग बुलाई है। परिजन भी बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं।
12 बच्चों की जांच हुई, 11 संक्रमित निकले

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि डे-बॉर्डिंग स्कूल होने से स्कूल में छात्रों का रूटीन चेकअप होता है। मुंबई से आए एक छात्र की जांच की गयी तो वह कोरोना संक्रमित निकला। इसके बाद कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में 12 बच्चों के सैंपल लिए गए, जिसमें 11 बच्चे कोरोना संक्रमित निकले हैं। सभी एसिमटोमैटिक हैं। स्कूल अभी एक सप्ताह के लिए बंद किया गया है। इस दौरान ऑनलाइन क्लासेज लगेंगी।
बड़े स्कूलों के बच्चे भी हो रहे संक्रमित
परिजनों का कहना है कि सवाई मान सिंह स्कूल, जयश्री पेड़ीवाल जैसे बड़े स्कूलों के बच्चे कोरोना संक्रमित निकल रहे हैं, तो बाकि स्कूलों की स्थिति पर विचार करना चाहिए। कोरोना प्रोटोकॉल की स्कूलों में सख्ती से पालना होनी चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले दिनों सवाईमान सिंह स्कूल के बच्चे कोरोना संक्रमित मिले थे। इसके बाद जयश्री पेड़ीवाल स्कूल में एक बच्चा संक्रमित पाया गया था और अब इसी स्कूल में इतने बच्चे एक साथ कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा कुछ अन्य निजी स्कूलों के बच्चे भी कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं।


