जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। तमाम अटकलों के बीच शनिवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में गहलोत सरकार के सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए है। इससे अब नए सिरे से मंत्रिमंडल के गठन का रास्ता साफ हो गया है। बैठक खत्म होने के बाद शनिवार रात को ही सीएम गहलोत ने राजभवन जाकर राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री गहलोत ने राज्यपाल को केबिनेट मंत्री रघु शर्मा, हरीश चौधरी और राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के इस्तीफ़े सौंपे। राज्यपाल मिश्र ने मुख्यमंत्री की संस्तुति पर तत्काल प्रभाव से यह स्वीकार कर लिए।
शनिवार को मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद प्रतापसिंह खाचरियावास ने मीडिया कर्मियों को बताया कि गहलोत सरकार के सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए हैं। रविवार को दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर होने वाली बैठक में विधायकों को बुलाया गया है। उसके बाद ही आगे की तस्वीर साफ होगी।



