ब्लू-टूथ डिवाइस के साथ डमी अभ्यर्थी धरे गए
जयपुर,(ARLive news)। पटवारी भर्ती परीक्षा में सरकार की तमाम सख्तियों के बावजूद नकल गिरोह बाज नहीं आए। शनिवार को पटवारी भर्ती परीक्षा के पहले चरण में पुलिस ने डूंगरपुर, जयपुर और बीकानेर से कुल 4 डमी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। तो जोधपुर पुलिस ने एक ऐसे गिरोह गिरोह के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जो नकली पेपर को असली बताकर बेच रहा था।
डूंगरपुर एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि डमी अभ्यर्थी रोयटा पाली निवासी अशोक 20 पुत्र केसाराम विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड व प्रवेश पत्र जब्त किया है। आरोपी शनिवार सुबह बोरी स्थित गुरुकुल परीक्षा केन्द्र पर बांसवाड़ा निवासी भरत सिंह की जगह परीक्षा देने आया था।
जयपुर पुलिस ने जयपुर में विनोद कुमार मीणा नाम के डमी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने ब्लू-टूथ डिवाइस भी जब्त की है। बीकानेर पुलिस ने नकल गिरोह में शामिल उम्मेदाराम और राजाराम विश्नोई नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
लाखों रूपए में बेच दिए डमी पेपर

जोधपुर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना प्रभारी लिखमाराम ने बताया कि मुखबीर से सूचना मिली कि पटवारी परीक्षा में पेपर दिलवाने के नाम से लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। साथ ही बड़ी राशि लेकर पटवारी भर्ती परीक्षा का पेपर दिया जा रहा है। जिस पर थाना से पुलिस टीम ने पाल बालाजी मंदिर के सामने स्थित मंगलदीप कॉम्प्लेक्स में छापा मारा। परीक्षा से संबंधित आपत्तीजनक सामग्री व दो लाख रुपए नकद बरामद किए गए।
इस फ्लैट से पुलिस ने कानासर निवासी ओमप्रकाश पुत्र भीखाराम विश्नोईए डडू निवासी मनीष पुत्र रामकिशन जाति विश्नोईए चौहटन निवासी जगदीश विश्नोई पुत्र ढाकरारामए ओसियां निवासी गंगाराम पुत्र बाबुराम जाट व सुनील कुमार विश्नोई पुत्र छोगाराम को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी डमी पेपर बना कर बेच रहा था।


