मुंबई,(ARLive news)। मुंबई के लालबाग इलाके में शुक्रवार को एक रिहायशी इमारत की 19वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में 30 वर्षीय अरूण तिवारी की मौत हुई है। जब आग लगी तो बचने के लिए अरूण बिल्डिंग की रेलिंग से लटक गया। करीब 10 मिनट तक वह रेलिंग से लटका रहा, फिर उसका रेलिंग से हाथ छूट गया और वह नीचे गिर गया, जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से भी बिल्डिंग से निकल रहे धुएं के गुबार दिख रहे थे।
घटना के तुरंत बाद मुंबई की मेयर और जिले के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जब तक दमकल मौके पर पहुंची आग 19वीं मंजिल से 20वीं मंजिल तक पहुंच गयी थी। रेस्क्यू कार्य में लगी दमकलों ने आग बुझाने के साथ ही इस बहुमंजिला इमारत से लोगों को निकालना शुरू कर दिया और कुछ ही देर में बिल्डिंग को खाली करा लिया।


