उदयपुर(एआर लाइव न्यूज)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं गहलोत सरकार के मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा है कि सतीश पूनिया तो उतना ही बोलते है जितना उनको आरएसएस बुलवाता हैं।
वल्लभनगर और धरियावद विधानसभा उपचुनाव को लेकर सोमवार को उदयपुर पहुँचे डोटासरा ने उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि सतीश पूनिया बार-बार कहते आ रहे हैं कि गहलोत सरकार ने किसानों के लिए कुछ नहीं किया जबकि हकीकत यह है कि पुनिया और उनकी पार्टी को तो किसान हित की बात करने का कोई अधिकारी नहीं है क्योंकि किसान 10 महीने से सड़कों पर हैं पूनियां को उनका दर्द नहीं दिख रहा है। गहलोत सरकार ने तो किसानों का कर्ज माफ किया हैं।
हमने भर्ती निकाली, इनके पेट मे दर्द हो गया

डोटासरा ने कहा कि हमने पिछले दिनों 30 हजार नोकरिया देने भर्ती निकाली तो इनके पेट में दर्द हो गया। ये लोग षड्यंत्र रचने लग गए कि जैसे तैसे इस भर्ती को बदनाम कर ऐसे निरस्त करवा दे ताकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल सके। दूसरी तरफ ये लोग कहते फिर रहे हैं, कि गहलोत सरकार नौकरी नहीं देना चाहती।
खूब हो गया मोदी-मोदी,अब यह चलने वाला नहीं हैं
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस और यूपीए सरकार ने जनहित में जो चीजें बनाई उनको मोदी सरकार बेचने पर तुली हुई है। इनको सिर्फ उनके पूंजीपतियों की चिंता पड़ी हुई है। जनता की कोई नहीं सुन रहा। मोदी सरकार के पास विकास की कोई योजना हैं। मोदी – मोदी कर दो बार ये लोग सत्ता में आ गए, लेकिन अब मोदी-मोदी चलने वाला नहीं है जनता इनकी सच्चाई जान चुकी हैं।


