उदयपुर(ARLive news)। फतेहसागर के चारों गेट गुरुवार सुबह खोल दिये गए। इस दिन का उदयपुर के लोगो को साल भर इंतजार रहता हैं। मदार नहर से हो रही आवक से फतेहसागर का जलस्तर 13 फीट 5 इंच के करीब पहुँच गया। सुबह कलेक्टर चेतन देवड़ा फतेहसागर पहुंचे। सुबह 9.15 बजे मुहूर्त के अनुसार पर कलेक्टर ने फतेहसागर के गेट खोल दिये और इसी के साथ फतेहसागर को देखने उमड़े शहर वासियों के चेहरे खिल उठे और सभी ने जय जय कार के नारे लगाए।
एक-एक कर चारों गेट खोले तो नजारा ऐसा खूबसूरत बना कि लोग देखते ही रह गए। 1973 से अब तक के इतिहास में तीसरा मौका है जिसमें अक्टूबर में फतहसागर का झरना चला है। इससे पहले 1985 में 14 अक्टूबर और 2013 में 14 अक्टूबर तड़के 3 बजे फतहसागर ओवरफ्लो हुआ था। इन तीन वर्षों को छोड़कर फतेहसागर का झरना अधिकांश बार अगस्त या सितंबर में चला है। इधर सीसारमा नदी से आवक बनी रहने से स्वरूपसागर पर चादर चलने का क्रम जारी है।
मदार पर निर्भर करेगा : कितने दिन चलेगा झरना

मानसून विदा हो चुका है ऐसे में फतेहसागर का झरना कितने दिन देखने को मिल सकता है, यह मदार नहर से हो रही आवक पर निर्भर करेगा। अभी मदार तालाब पर चादर चलने का क्रम बना हुआ है। जैसे जैसे मदार तालाब की चादर धीमी पड़ेगी, फतेहसागर में आवक भी धीमी पड़ती रहेगी। जल संसाधन विभाग को फतेहसागर का गेज 13 फीट पर मेंटेन भी रखना है।


