उदयपुर(ARLive news)। वल्लभनगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा। अभी तक सस्पेंस बना हुआ है, लेकिन यह साफ हो गया है कि जनता सेना से रणधीर सिंह भींडर चुनाव लड़ेंगे।विरोधियों की तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए रणधीर सिंह भींडर ने 8 अक्टूबर को फार्म भरने का मुहूर्त निकलवा लिया है।
उनकी टीम आगे की चुनावी तैयारी में लग गई है। इधर कांग्रेस में शक्तावत परिवार में ही प्रीति शक्तावत और देवेंद्र सिंह के बीच टिकट को लेकर घमासान मचा होने से पार्टी कार्यकर्ता भी अभी उलझन में है। तीसरी ताकत के रूप में भीम सिंह चुंडावत भी टिकट की रस्सा कस्सी में पूरा दमखम लगाए हुए है। इधर धरियावद में भी अभी तक प्रत्याशी को लेकर तस्वीर साफ नहीं हुई है।

भाजपा में दावेदार 9, टिकट किसके नाम होगा उदय..?
वल्लभनगर में टिकट वितरण में भाजपा को भी मशक्कत कोई कम नहीं करनी पड़ रही हैं। कारण यह कि 9 दावेदारों ने टिकट को लेकर ताल ठोक रखी है। हर कोई अपनी अपनी कोशिश में लगा हुआ है कि जैसे तैसे टिकट मिल जाय। अब तक जो समीकरण उभर कर सामने आए है उसमें नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया की पहली पसंद के चलते उदयलाल डांगी टिकट की दौड़ में सबसे आगे बने हुए है।


