बाड़मेर,(ARLive news)। प्रदेश के बाड़मेर जिले में बुधवार को एयरफोर्स का मिग-21 बाइसन क्रैश हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पायलट पैराशूट की मदद से फाइटर प्लेन से बाहर निकल गया और सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार हादसा बुधवार शाम को जिले के भूरटिया गांव में हुआ है। sortie के दौरान मिग-21 बाइसन से पायलट ने उड़ान भरी, लेकिन टेकऑफ के दौरान ही इसमें तकनीकी खराबी आ गयी। इससे प्लेन क्रैश होकर वहां खाली झोपड़ी पर जा गिरा। इससे झोपड़ी में भी आग लग गयी। क्रैश होने के दौरान ही पायलट ने खुद को पैराशूट की मदद से इजेक्ट कर लिया, इससे वह हादसे की जगह से करीब 1 किलोमीटर दूर मिला।
पायलट को जमीन पर गिरा हुआ देख ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गयी, उन्होंने पायलट को पानी पिलाया और उसकी मदद की। इधर एयरफोर्स ने प्लेन क्रैश होने पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी ऑर्डर कर दी है।


