मुंबई,(ARLive news)। देश में कोरोना की तीसरी लहर दस्तक दे चुकी है। केरल में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र में भी कोरोना डेल्टा प्लस वेरिएंट के केस बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट से अब तक 65 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 3 लोगों की मौत हुई है। चिंताजनक बात यह भी है कि डेल्टा प्लस वेरिएंट से मरने वाले 2 संक्रमितों के तो कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज तक लग चुकी थीं।
महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वैरिएंट के मरीजों की संख्या 65 हो गई है। जलगांव जिले में सबसे अधिक 13 मरीज हैं। शहरों की बात करें तो सबसे ज्यादा 7 मरीज मुंबई में हैं। इसके बाद पुणे में 3, नांदेड़ में 2, गोंदिया में 2, रायगढ़ में 2 और पालघर में 2 मरीज मिले हैं। इसी प्रकार चंद्रपुर और अकोला जिले में एक-एक मरीज पाए गए हैं। महाराष्ट्र में मिले 65 मरीजों में से 32 पुरुष और 33 महिलाएं हैं।
महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वैरिएंट से अब तक तीन मरीजों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में 69 वर्षीय महिला ने संक्रमण के बाद दम तोड़ा है। इससे पहले गुरुवार को मुंबई में 63 वर्षीय महिला की डेल्टा प्लस वैरिएंट से मौत की पुष्टि हुई है। डेल्टा प्लस वैरिएंट से महाराष्ट्र के रत्नागिरी में 1 मौत हो चुकी है।
इसी के चलते महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को राज्य में प्रवेश की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। महाराष्ट्र में एंट्री के लिए अब आपको कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज या 72 घंटे के भीतर की आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट दिखाना होगा। अगर दोनों नहीं हैं तो 14 दिन क्वरैंटाइन में रहना होगा।


