यात्रियों को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं, आईआरएसडीसी ने आमंत्रित किया आरएफक्यू
132 करोड़ लागत से तीन वर्ष में होगा कार्य
उदयपुर,(ARLive news)। भारतीय रेलवे स्टेशन विकास निगम लिमिटेड (IRSDC) ने उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए रिक्वेस्ट फॉर क्वालिफिकेशन (आरएफ़क्यू) आमंत्रित किया है। इसका उद्देश्य उदयपुर रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर इसे एक आधुनिक स्टेशन के रूप में विकसित करना है। इसके पुनर्विकास की परिकल्पना एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समान ही एक एकीकृत रेलवे स्टेशन के रूप में की गई है।
आईआरएसडीसी के एमडी एवं सीईओ एस. के. लोहिया’ ने बताया कि उदयपुर शहर एक विश्व-स्तरीय र्प्यटन स्थल है। इस रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का उद्देश्य इसे एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के तर्ज पर एक प्रतिष्ठित केंद्र में बदलना है और यात्रा के अनुभव को बढ़ाना है। प्री-बिड बैठक 6 अगस्त 2021 को आयोजित की जाएगी वहीं, बोली जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2021 है।
ये विकास कार्य प्रस्तावित है
पुनर्विकास में एक नई ईस्ट-साइड एंट्री स्टेशन बिल्डिंग की परिकल्पना की गई है, जिसमें रेलवे अंडर-ब्रिज के माध्यम से नई ईस्ट-वेस्ट रोड कनेक्टिविटी की योजना है। पैदल मार्गों के नेटवर्क के माध्यम से वाणिज्यिक भूमि से आईएसबीटी के साथ कनेक्टिविटी, स्टेशन में प्रवेश / निकास के लिए अलग व्यवस्था और सभी यात्रियों के लिए आसान साइनेज भी इसमें शामिल है।
- प्रस्तावित रेलवे स्टेशन भवनों में उदयपुर की स्थापत्य शैली और राजस्थान की विरासत परिलक्षित होती है।
- प्रस्थान करने वाले यात्रियों के लिए हवाई अड्डे जैसा कॉनकोर्स और विश्व-स्तरीय सुविधाएं।
- बेहतर यात्री सुविधाएं, सहजता और अनुभव प्रदान करना।
- स्टेशन भवन में विभिन्न स्तरों पर आने और जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग आवाजाही की व्यवस्था।
- बस स्टेशन सहित शहर और रेलवे स्टेशन के बीच बेहतर सड़क संपर्क प्रदान करना।
- मल्टी- मॉडल एक्सेस, ड्रॉप-ऑफ़ और पार्किंग
- शेल्टर्ड ड्रॉप-ऑफ ज़ोन और मीटिंग ज़ोन
- स्टेशन की इमारत से जुड़ी कवर्ड पार्किंग
- स्टेशन भवन के निर्माण को स्वतंत्र और चरणबद्ध रूप से शीघ्र पूरा किया जाएगा।
- दिव्यांगों के लिए 100 प्रतिशत सुगम स्टेशन परिसर जहां सभी स्थानों पर लिफ्ट/रैंप की सुविधा उपलब्ध होगी।
उदयपुर रेलवे स्टेशन भारत सरकार के प्राथमिक एजेंडे के तहत पुनर्विकसित किए जाने वाले 125 रेलवे स्टेशनों में से एक है। इसमें से आईआरएसडीसी 63 स्टेशनों पर और रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) 60 स्टेशनों पर काम कर रहा है। वर्तमान अनुमानों के अनुसार, रियल एस्टेट विकास के साथ-साथ 125 स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए आवश्यक कुल निवेश 50,000 करोड़ रुपये से अधिक है।


