भारत के 124 एथलीट हिस्सा ले रहे है
ARLive news। कोरोना के कारण एक साल देरी से हो रहे टोक्यो ओलिंपिक-2021 की शुक्रवार शाम को ओपनिंग सेरेमनी हुई। इसी के साथ ओलंपिक गेम्स की शुरूआत हो गयी। कोरोना महामारी के चलते ओपनिंग सेरेमनी में 205 देश के 1000 प्रतिनिधि खिलाड़ी और अधिकारी ही मौजूद रहे।
खिलाड़ियों का मार्च पास्ट 1896 में हुए पहले समर ओलिंपिक गेम्स के आयोजक ग्रीस के दल के साथ शुरू हुआ। इसके बाद ओलिंपिक में पहली बार हिस्सा ले रहे रिफ्यूजी खिलाड़ियों का मार्च पास्ट हुआ। मार्च पास्ट में भारतीय दल 21वें नंबर पर आया, जिसमें 25 खिलाड़ी और अधिकारी शामिल रहे। ओपनिंग सेरेमनी में नोबेल शांति पुरस्कार जीत चुके बांग्लादेश के मोहम्मद यूनुस को विशेष ओलिंपिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
खिलाड़ी 33 खेलों में 339 गोल्ड मैडल के लिए करेंगे दावेदारी

ओलिंपिक में 205 देशों और रिफ्यूजी टीम से कुल 11326 खिलाड़ी 33 खेलों में हिस्सा लेकर 339 गोल्ड मैडल के लिए दावेदारी करेंगे। ओलिंपिक में भारत के 124 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। इसमें से 69 पुरुष और 55 महिला एथलीट और बाकी स्टाफ मेंबर्स होंगे। भारतीय एथलीट इस बार 85 मेडल के लिए दावेदारी पेश करेंगे। भारत ने ओपनिंग सेरेमनी के लिए पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह और 6 बार की बॉक्सिंग वर्ल्ड चैम्पियन एमसी मेरीकॉम को ध्वजवाहक बनाया है।
विजेता एथलीट को पोडियम पर खुद पहनना होगा गोल्ड मैडल
कोरोना महामारी के चलते ही ओलिंपिक एक साल देरी से हो रहे हैं और दर्शक स्टेडियम में आकर ओपनिंग सेरेमनी में शामिल नहीं हो सके। ऐसे में पूरा स्टेडियम लगभग खाली रहा। ओपनिंग सेरेमनी के दौरान स्टेडियम में सबसे पहले कोरोना महामारी के कारण दुनियाभर में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।
कोरोना गाइडलाइंस के चलते इस बार एथलीट्स को हाथ मिलाकर या गले मिलकर बधाई देने पर भी पाबंदी रहेगी। सबसे खास बात यह है कि इस बार विजेता एथलीट को पोडियम पर मैडल खुद के गले में खुद ही पहनना होगा।
इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी के अनुमान के मुताबिक दुनियाभर में करीब 350 करोड़ लोगों ने टीवी, स्मार्टफोन, लैपटॉप जैसे डिवाइसों पर ओपनिंग सेरेमनी का प्रसारण देखा।


