अलवर(ARLive news)। जयपुर व भिवाड़ी की स्पेशल टीम ने मंगलवार देर रात जिले के तिजारा के बैंगन हेडी गांव में एंटी नेशनल एक्टिविटी से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए ग्रुप बनाकर आंतकी संगठनों के विचारों को ग्रुप में शेयर करता था, साथ ही लोगों का ब्रेन वॉश करने का काम कर रहा था।
एएसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि बैंगन हेड़ी के युवक असरुद्दीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो टेलीग्राम व वाट्सअप के ग्रुप बनाकर देश विरोधी एक्टिविटी कर रहा था। अपने ग्रुप में आंतकी संगठनों के विचारों को साझा कर दूसरे लोगों को देश विरोधी गतिविधियों से जोड़ने का काम करने में लगा था। उसके पास पाकिस्तान, इराक व ईरान से जुड़े नम्बर भी होने की सूचना मिली है।
भिवाड़ी पुलिस आरोपी के ग्रुप के अन्य मैंबर व उनके द्वारा साझा किए गए पोस्ट सहित अन्य जानकारी जुटाने में लगी है। उनके अन्य लोगों से सम्पर्क का भी पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में लगी है।
बता दें कि तिजारा के बैंगनहेड़ी गांव में युवक को गिरफ्तार करने के बाद असरुद्दीन के टेलीग्राम व वाट्सअप के ग्रुप से जुड़े काफी लोग रिमूव भी हो गए हैं।


