उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर शहर में घंटाघर, हाथीपोल के कुछ क्षेत्रों में सोमवार रात को अचानक फूड पाॅइजनिंग होने से एक-एक कर लोग एमबी हाॅस्पिटल में भर्ती होने लगे। कुछ ही देर में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और चक्कर आने की शिकायत के 30 से अधिक लोगों को एमबी हाॅस्पिटल में भर्ती करना पड़ा और वहां काफी भागमभाग और भीड़ का माहौल हो गया।
अचानक से इतने मरीजों के आ जाने से हाॅस्पिटल स्टाफ भी घबरा गया। इनमें ज्यादातर मरीज जड़ियों की ओल, नानी गली, बदनोर की हवेली, मोती चौहट्टा सहित आस-पास के रहने वाले हैं।
जड़ियों की ओल निवासी विकास सोनी ने बताया कि उनके परिवार के 5 सदस्य हाॅस्पिटल में भर्ती हैं। परिवार के सदस्यों ने आज निर्जला एकादशी का व्रत रखा था। व्रत-उपवास में खाने के लिए उपयोग होने वाले कांगणी के आटे से घर में खाना बना था। शाम को जिसका व्रत था, उसने कांगणी के आटे का बना भोजन खाया। इसे खाने के करीब 1 घंटे बाद सभी की तबियत खराब हो गयी। उल्टियां होने लगी और सभी को चक्कर आ रहे थे। इस पर सभी को हाॅस्पिटल में भर्ती करवाया है।
विकास ने बताया कि जब परिवार के सदस्यों को हाॅस्पिटल लाया तो यहां पहले से दर्जनों लोग इसी कारण से हाॅस्पिटल में भर्ती थे और एक-एक कर और मरीज भी आ रहे थे। डाॅक्टर ने सभी को दवा दी है और ड्रिप चढ़ा रहे हैं। विकास ने कहा घर में मैंने कांगणी के आटे से बना खाना नहीं खाया तो मेरी तबियत ठीक है।
डिस्ट्रीब्यूटर पर खराब आटा सप्लाई करने का संदेह
क्षेत्रवासियों ने संदेह जताया है कि क्षेत्र में दुकानदारों को यह आटा सप्लाई करने वाला एक ही डिस्ट्रीब्यूटर हो सकता है। उस डिस्ट्रीब्यूटर का सप्लाई किया हुआ आटा अलग-अलग दुकानों के जरिए जिन घरों में खरीदा गया और उससे बना खाना खाया गया सभी को फूड पाॅइजनिंग हुई है। लोगों ने आटा खुला खरीदा था तो उन्हें उसके खराब होने या ज्यादा पुराना होने का पता तक नहीं चला। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि पुलिस मामले की तफ्तीश करे और खराब आटा बेचने वाले और सप्लाई करने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें।


