उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में आज सोमवार को 24370 लोगों के कोरोना टेस्ट में 4414 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राज्य में आज 103 संक्रमितों की मौत हो गयी, वहीं 16654 संक्रमित ठीक भी हुए हैं। राज्य में एक्टिव केस 1 लाख से घटकर 99 हजार 875 हो गए हैं।
सोमवार को आए आंकड़ों के अनुसार राज्य में संक्रमण दर 18 प्रतिशत है। सर्वाधिक संक्रमित जयपुर में 804, अलवर में 377, जोधपुर में 340, पाली में 250, सीकर में 231, झुंझुनू में 179, गंगानगर में 173, बीकानेर में 160, हनुमानगढ़ में 156, कोटा 135 और उदयपुर में 135 संक्रमितों की पुष्टि हुई है। राज्य के 17 जिलों में संक्रमितों की संख्या आज 100 से भी कम है।
उदयपुर में 818 ठीक हुए, संक्रमण दर 13 प्रतिशत
उदयपुर जिले में आज 1029 लोगों की कोरोना जांच में 135 संक्रमित पाए गए हैं। इस अनुसार जिले में संक्रमण दर 13 प्रतिशत है। दुखद है कि आज 9 संक्रमितों की मौत हुई है। चिंताजनक स्थिति है कि जिस स्तर से संक्रमितों की संख्या कम हो रही है, मृतकों की संख्या में उस अनुसार कमी नहीं आ रही है। जिले में आज 818 संक्रमित ठीक हुए हैं और डिस्चार्ज होकर अपने घर लौटे हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या घटकर 6840 हो गयी है।
संभाग के अन्य जिलों में आज चित्तौड़गढ़ में 119 संक्रमित मिले, 5 की मौत हुई, डूंगरपुर में 92 संक्रमित मिले, 1 की मौत हुई, राजसमंद में 71 संक्रमित मिले, 1 की मौत हुई, बांसवाड़ा में 60 संक्रमित मिले, 1 की मौत हुई और प्रतागपढ़ में 59 संक्रमित मिले, 1 की मौत हुई है।
