उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में कोरोना की तीसरी लहर के दस्तक देने की आशंका जताई जा रही है। पिछले 10 दिनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में 300 से अधिक बच्चों के कोरोना संक्रमित होना सामने आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग सहित चिकित्सक इसको लेकर सक्रिय हो गए हैं, वहीं राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी इसे गंभीरता से लिया है।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि विशेषज्ञों ने कोरोना महामारी की तीसरी लहर का ज्यादा प्रभाव बच्चों पर होने की आशंका जताई है। एक ही जिले में इतने बच्चों का संक्रमित होना चिंताजनक है। बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए हमे समय पर उचित प्रबंध करने होंगे।
बच्चों के लिए चाइल्ड डेडिकेटेड कोविड सेंटर बनाने के निर्देश दिए
आयोग अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर से बात कर उन्हें तुरंत चाइल्ड डेडिकेटेड कोविड सेन्टर बनवाने के निर्देश दिए हैं और आवश्यक दवाइयां, उपकरण, ऑक्सीजन, चिकित्सकों, इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित करवाने तथा जिले में कोरोना संक्रमित बच्चों की सूचना आयोग कार्यालय को भिजवाने हेतु निर्देशित किया है।


