जयपुर,(ARLive News)। कोरोना से लगातार लड़ रहे राजस्थान के लिए चिंता की बात है कि प्रदेश में ब्रिटेन के कोरोना नए स्ट्रेन ने एंट्री कर ली है। राज्य के श्रीगंगानगर में कोरोना संक्रमित 3 लोगों में यूके ब्रिटेन कोरोना स्ट्रेन की पुष्टि हुई है। ये तीनों सादुलशहर में एक ही परिवार के पति-पत्नी और एक बच्चा हैं और 18 दिसंबर को ब्रिटेन से लौटे थे।
3 कोरोना संक्रमितों में यूके स्ट्रेन की पुष्टि के बाद प्रशासन भी हाई अलर्ट हो गया है। तीनों संक्रमित अस्पताल में भर्ती हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के तीनों सदस्य 18 दिसंबर को ब्रिटेन से लौटे थे। इनकी कोरोना जांच करवायी गयी, जिसमें 28 दिसंबर को ये कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने नये स्ट्रेन की जांच के लिए इनके नमूने पुणे भेजे थे। वहां हुई जांच रिपोर्ट में इन तीनों में ब्रिटेन कोरोना नए स्ट्रेन की पुष्टि हुई है।
वायरस का नया स्ट्रेन 70% तेजी से फैल रहा है
ब्रिटेन में कोरोना वायरस का जो नया स्वरूप पाया गया है, वह अब नीदरलैंड्स, डेनमार्क, ऑस्ट्रेलिया, इटली और दक्षिण अफ्रीका में भी मिला है। चिंता की बात है कि यह 70 प्रतिशत ज्यादा तेजी से फैल रहा है।
जानिए क्या है : कोरोना का नया स्ट्रेन
हर वायरस स्वरूप बदलता है। इससे ज्यादातर वायरस खुद ही खत्म हो जाते हैं, लेकिन कभी-कभी कई गुना खतरनाक हो जाते हैं। यह प्रक्रिया इतनी तेजी से होती है कि वैज्ञानिक एक रूप समझ नहीं पाते और दूसरा सामने आ जाता है। कोरोना वायरस ने भी स्वरूप बदला और ब्रिटेन में पाए गए संक्रमितों में नए स्वरूप की पुष्टि हुई। इसे वीयूआई-202012/01 नाम दिया है। यह 70 प्रतिशत ज्यादा तेजी से फैलता है।


