मुंबई,(ARLive news)। मजबूत ग्लोबल संकेतों के कारण बीएसई सेंसेक्स 724.02 अंक ऊपर 41,340.16 पर और निफ्टी 211.80 अंक ऊपर 12,120.30 पर बंद हुआ है। आज बाजार की तेजी को बैंकिंग और मेटल शेयरों ने लीड किया। निफ्टी बैंक इंडेक्स 2% और निफ्टी मेटल इंडेक्स 4% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ है। बाजार में बढ़त के कारण आज बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 2.81 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 162.29 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो बुधवार को 159.48 लाख करोड़ रुपए था।
निफ्टी में हिंडाल्को और इंडसइंड बैंक के शेयरों में 6-6 फीसदी बढ़त देखने को मिली। सरकारी बैंक एसबीआई और बीपीसीएल के शेयरों में भी 5-5 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। जबकि हीरो मोटोकॉर्प और एचडीएफसी लाइफ के शेयर हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। सुबह बीएसई सेंसेक्स 495.98 अंक ऊपर 41,112.12 पर और निफ्टी 153.90 अंक ऊपर 12,062.40 पर खुला था।
अमेरिकी प्रेसिडेंशियल इलेक्शन में जो बाइडेन की बढ़त का असर करेंसी मार्केट पर भी दिखा। गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 40 पैसे मजबूत होकर 74.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 47 पैसे ऊपर 74.29 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, कल रुपया 34 पैसे की गिरावट के साथ 74.74 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।


