उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर के गोगुंदा पिंडवाड़ा हाईवे पर शुक्रवार देर रात दो वाहनों की टक्कर से शुरू हुआ हादसा भीषण एक्सीडेंट में तब्दील हो गया और एक-दूसरे के पीछे आ रहे ट्रक व ट्रोले एक के बाद एक दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रकों में जा घुसे। ट्रकों की टक्कर इतनी भीषण थी कि 2 ट्रोला-ट्रक के केबिन बिलकुल पिचक गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गयी है, वहीं दो की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
अलग-अलग ट्रेलर के केबिन में फंसने से दो लोगों मनोहर सिंह और रंजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शव ट्रेलर के केबिन में बुरी तरह से फंस गए थे। पुलिस ने क्रेन की सहायता से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों निकलवाया। वहीं हादसे में दो लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है।


