मुख्यमंत्री एक-दो दिन में ले सकते हैं फैसला
छात्रों का ट्विटर पर एग्जाम करवाने के विरोध में शुरू हुआ कैम्पेन
जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में राज्य सरकार ने दो दिन पहले ही निर्णय लिया है कि इस वर्ष स्नातक और स्नातकोत्तर की परीक्षाएं नहीं होंगी। छात्रों को बिना परीक्षा के ही अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा। इसी बीच मंगलवार को यूजीसी ने फाइनल ईयर के अनिवार्य रूप से एग्जाम सितंबर में करवाने के निर्देश जारी किए हैं। जिसके बाद केन्द्र सरकार ने भी निर्देश जारी किए हैं कि यूजीसी के दिशा-निर्देशानुसार स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष के छात्रों की परीक्षा अनिवार्य रूप से करवायी जाएगी।
राज्य सरकार और अब केन्द्र सरकार व यूजीसी के निर्णयों के चलते छात्र असमंजस में पड़ गए हैं। उन्हें नहीं पता कि परीक्षा होगी या नहीं। हालां कि छात्रों का कहना है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षाएं नहीं होनी चाहिए। छात्रों ने इसको लेकर ट्विटर हैंडल पर #StudentsLivesMatter #cancelfinalyearexams अभियान चलाया हुआ है।
मुख्यमंत्री एक-दो दिन में ले सकते हैं फैसला
राज्य में छात्रों की असमंजस की स्थिति को देखते हुए राजस्थान में उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बयान जारी किया है, कि फाइनल ईयर की परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री अगले दो-तीन दिनों में निर्णय ले सकते हैं। केन्द्र सरकार ने विश्वविद्यालय के फाइनल ईयर की परीक्षा करवाने की नयी गाइडलाइन जारी की है, उस पर विचार-मंथन कर निर्णय लिया जाएगा।

