जालोर(ARLive news)। जिले के जालोर क्षेत्र के सांचौर कस्बे में शुक्रवार सुबह एक उल्कापिंड गिरने से इलाके में हङकंप मच गया। इस दुर्लभ नजारे को देखने के लिए वहां भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना मिलने पर पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उल्कापिंड को सुरक्षित जगह पर रखवाया।
सांचौर थानाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि सुबह 7 बजे सूचना मिली कि गायत्री कॉलेज के पास आसमान से एक चमकदार पत्थर तेज आवाज करता हुआ नीचे आ गिरा है। नीचे गिरने के बाद एक तेज धमाका हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, वहां धातु जैसा काले रंग का एक टुकड़ा जमीन के अन्दर लगभग 4-5 फीट की गहराई में धंसा हुआ दिखाई दिया।
यह टुकड़ा उस वक्त काफी गरम था। ठंडा होने पर पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर कांच के एक जार में रखवा दिया। इसका वजन 2.788 किलोग्राम है। जानकारी मिलने पर वैज्ञानिकों की एक टीम उल्कापिंड का अध्यन करने जोधपुर से सांचौर पहुंच गई है। वैज्ञानिकों कहना है कि यह उल्कापिंड महत्वपूर्ण होने के साथ अति दुर्लभ होते हैं। क्योंकि पृथ्वी पर गिरने वाले पिंडों की संख्या बहुत कम होती है। इसके अलावा ये विभिन्न ग्रहों के संगठन और संरचना के ज्ञान के प्रत्यक्ष स्रोत भी होते हैं।

