उदयपुर,(ARLive news)। गिर्वा तहसील के सरू सरपंच सोहनलाल मीणा ने पूर्व विधायक सज्जन कटारा सहित अन्य के खिलाफ पंचायत भवन पर लगा ताला तोड़कर वहां रखे बीज को जबरन ले जाकर खुद-बुर्द करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सरपंच सोहनलाल मीणा ने एसपी को परिवाद देकर कटारा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।
सरपंच सोहनलाल ने एसपी को दिए परिवाद में बताया है कि 17 जून की सुबह वह आवश्यक कार्य से खेरवाड़ा गया था। उसकी अनुपस्थिति में पूर्व विधायक सज्जन कटारा, नारायण लाल मीणा सहित 5-6 लोगों के साथ पंचायत भवन पहुंची। पंचायत भवन में मक्की का बीज रखा हुआ था, जो सरकार के आदेश के अनुसार बीपीएल, अन्त्योदय और स्टेट बीपीएल परिवारों में बांटा जाना था। लेकिन जब सज्जन कटारा पंचायत भवन पहुंची तो पंचायत भवन पर ताला लगा देखकर पहले वहां मौजूद हीरालाल से पंचायत भवन की चाबी मांगी। जब चाबी नहीं मिली तो सज्जन कटारा ने अपने साथ मौजूद लोगों के जरिए पंचायत भवन पर लगा ताला तुड़वा दिया और वहां रखा मक्की का बीज लेकर चली गयीं और कहा कि उनके लोग बीज बांट देंगे।
सरपंच ने आरोप लगाया है कि सज्जन कटारा ने मक्की के बीज जरूरतमंदों तक पहुंचाने के बजाए अपने चहेतों में बांट दिए हैं। उन्होंने पंचायत भवन का ताला तोड़ वहां से बीज ले जाकर राजकार्य में बांधा उत्पन्न की है और सरकारी बीज को खुर्द-बुर्द किया है। सरपंच ने परिवाद में यह भी लिखा है कि वह पहले रिपोर्ट देने परसाद थाने गया था, लेकिन वहां उसकी सुनवायी नहीं हुई इस पर उसने एसपी ऑफिस परिवाद दिया है।

