जयपुर,(ARLive news)। राजस्थान में आज शनिवार को एक दिन में रिकॉर्ड 13 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। यह राजस्थान में अब तक की एक दिन में होने वाली सर्वाधिक मौतें हैं। इसमें जयपुर में 4, भरतपुर, भीलवाड़ा, धोलपुर, जोधपुर, कोटा, नागौर, सवाईमाधोपुर से 1-1 व्यक्ति और अन्य राज्य के 2 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। राज्य में कोरोना से दम तोड़ने वालों की कुल संख्या 231 हो गयी है।
आज प्रदेश में 253 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इससे प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 10337 हो गयी है। आज भी भरतपुर में सर्वाधिक केस पाए गए। भरतपुर में आज 63 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इससे भरतपुर में संक्रमितों की संख्या 609 हो गयी है, जो जयपुर और जोधपुर के बाद राज्य में सबसे ज्यादा है। जोधपुर में आज 56 नए केस बढ़ने से कुल संख्या 1762 और जयपुर में 36 नए केस बढ़ने से कुल संख्या 2188 हो गयी है।
उदयपुर में 9 नए संक्रमित मिले
आज उदयपुर में 9 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। उदयपुर में कुल संक्रमित 586 हो गए हैं। आज मिले पॉजिटिव में एक एमबी हॉस्पिटल का स्टाफ हैं और एक गीतांजलि हॉस्पिटल में भर्ती हुए 70 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित पाए गए हैं, जिनकी जांच जयपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में हुई है। इसके अलावा 7 संक्रमित प्रवासी हैं, जो ओड़वाड़िया, गींगला, सलूंबर, कदमाल और गोगुंदा के रहने वाले हैं। उदयपुर में 460 मरीज हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं और 70 अभी कोरोना एक्टिव केस हैं।
देश में आज 7803 मरीज बढ़ने से कुल संक्रमितों की संख्या 2 लाख 43 हजार 904 हो गयी है। वहीं आज 196 लोगों की देश में संक्रमण से मौत हुई है, अब तक देश में 6845 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। 1 लाख 19 हजार 577 कोरोना एक्टिव केस हैं।



