उदयपुर,(ARLive news)। शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है, उनके दिलों और जिंदगी से जुड़े फतहसागर पर वे अब ईवनिंग और मॉर्निंग वॉक के लिए जा सकेंगे। इसके लिए प्रशासन ने समय और नियम तय कर दिए हैं। 30 मई से सुबह 7 बजे से 10 बजे तक और शाम 4 बजे से 6.30 बजे तक फतहसागर, राजीव गांधी उद्यान और संजय गांधी उद्यान पर जाने, चलने, टहलने और व्यायाम करने अनुमति रहेगी। प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्ताें का पालन नहीं करने वाले पर कार्यवाही की जाएगी।
यह रहेंगे नियम
- पार्क आमजन के लिए खुलेंगे, लेकिन वहां ओपन जिम, झूले का उपयोग प्रतिबंधित होगा।
- मास्क पहनकर जाना अनिवार्य होगा।
- सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करनी होगी।
- किसी भी खास पॉइंट पर 5 या इससे अधिक व्यक्ति इकट्ठे नहीं होंगे।
- यहां शराब, गुटखा, तम्बाकू या पान आदि का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
- सार्वजनिक स्थान पर थूकना दंडनीय होगा।
- यहां स्थित उपासना स्थल और मंदिर में जाना प्रतिबंधित रहेगा।
- मुंबईया बाजार बंद रहेगा।
- फतहसागर ओवर फ्लो से काला किबाड़ तक तय समय में वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
- मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक पर आने वालों के वाहनों की पार्किंग ओवर फ्लो के पास और काला किबाड़ के पास पहले की व्यवस्था की तरह होगी।



