उदयपुर,(ARLive news)। देश में पुलिसकर्मी अभी हर जगह कोरोना संक्रमण का सामना सबसे आगे रहकर कर रहा है। उदयपुर पुलिस भी इसमें कहीं पीछे नहीं है। बहुत ज्यादा खतरे के बीच काम कर रहे उदयपुर के जवानों के हौंसले बुलंद हैं और अच्छी खबर है कि अब तक उदयपुर में जितने भी पुलिस जवानों के कोरोना टेस्ट करवाए गए हैं, सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है।
जानकारी के अनुसार हॉट-स्पॉट कांजी का हाटा सहित वॉल सिटी (चार दीवारी शहर) में आने वाले सूरजपोल, धानमंडी, घंटाघर थानों के समस्त स्टाफ के कोरोना टेस्ट करवाए गए हैं। यह स्टाफ इस हाई रिस्क जोन में नियमित ड्यूटी कर रहा है और यहां लगातार केस भी बढ़ रहे हैं। अच्छी बात है कि इन सभी की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। इसके अलावा जिले के विभिन्न नाकों पर तैनात करीब 700 जवानों की भी नियमित स्क्रीनिंग हो रही है। जिन जवानों में सर्दी-खांसी के लक्षण थे, उनके टेस्ट भी हुए है, उनकी रिपोर्ट भी नेगेटिव आयी है। पुलिस के साथ विभिन्न नाकों पर तैनात होमगार्ड्स के जवानों की भी नियमित स्क्रीनिंग हो रही है और इन्हें भी वही संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जो पुलिस जवान को दिए गए हैं।
बॉर्डर पर तैनात पुलिस जवान भी रखे खास खयाल

एन-95 मास्क और पीपीई किट भी दी गयी हैं
एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि विभिन्न नाकों पर करीब 700 जवान तैनात हैं, इन सभी की स्क्रीनिंग करवायी गयी है। हॉट स्पॉट क्षेत्र के थानों के समस्त स्टाफ के कोरोना टेस्ट करवाए हैं। अभी तक सभी नेगेटिव हैं। स्टाफ को एन-95 मास्क दिए जा रहे हैं और कांजी का हाटा सहित अन्य क्षेत्र जहां ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए हैं, वहां ड्यूटी कर रहे जवान को पीपीई किट दी गयी है। सभी को हैंड ग्लब्स और सिर पर लगाने वाले विशेष कैप उपलब्ध करवायी है। हर तरह से इस बात का खयाल रखा जा रहा है कि फील्ड में ड्यूटी कर रहा जवान इस संक्रमण से सुरक्षित रहे।


