जयपुर,(ARLive news)। देश में जहां कोरोना जैसी महामारी को भी साम्प्रदायिकता का रंग देने का कुछ लोगों द्वारा प्रयास किया जा रहा है, वहीं इसी बीच कोरोना के कर्फ्यू में जयपुर के भट्टा बस्ती के लोगों ने साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है।
जयपुर के भट्टा बस्ती के बजरंग नगर निवासी राजेन्द्र की कैंसर से सोमवार को मौत हो गयी थी। कोरोना के कर्फ्यू और राज्य में चल रहे लॉकडाउन के कारण उनके रिश्तेदार आ नहीं सके। राजेन्द्र के घर में भी उसकी बहन, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। बजरंग नगर में ज्यादातर मुस्लिम परिवार ही हैं। राजेन्द्र के निधन पर परिवार को परेशानी में देख क्षेत्र के मुस्लिम लोगों ने निर्णय लिया कि वे ही राजेन्द्र का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से करेंगे।



