कोलकाता,(ARLive news)। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध-प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल पहुंच चुके हैं। कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनसे मुलाकात की। राजभवन में हुई दोनों नेताओं की यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली। मुलाकात के बाद ममता ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। उन्होंने कहा कि पीएम के साथ सीएए, एनआरसी और एनपीआर के मुद्दे पर बात हुई और उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया। टीएमसी, कांग्रेस और लेफ्ट पीएम मोदी के बंगाल दौरे का विरोध कर रहे हैं। विरोधी दलों ने कोलकाता में जगह-जगह ‘गो बैक मोदी’ के पोस्टर लगाए हैं। ट्विटर पर भी इसे ट्रेंड करा रहे हैं।
ममता ने कहा पीएम से बातचीत में NRC,CAA,NPR का मुद्दा उठाया
खास बात यह है कि पीएम मोदी से मुलाकात के ठीक बाद ममता बनर्जी का सीएए के विरोध में कार्यक्रम है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई और लेफ्ट के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) के खिलाफ अलग-अलग विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में भी हिस्सा लेंगी। कोलकाता पहुंचे पीएम मोदी से सीएम ममता बनर्जी ने राजभवन में मुलाकात की। मुलाकात के बाद ममता ने कहा कि उन्होंने पीएम से बातचीत में एनआरसी, सीएए और एनपीआर का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि सीएए और एनआरसी को वापस लिया जाए। राजभवन में हुई करीब 20 मिनट की बैठक के बाद सीएम ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस की छात्र इकाई टीएमसीपी के द्वारा कोलकाता में रानी रासमणि मार्ग पर सीएए, राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के खिलाफ धरने में शामिल होंगी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एक घंटे के लिए टीएमसीपी प्रदर्शनकारियों से मिलने वाली हैं। वाममोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के विभिन्न हिस्सों में नए नागरिकता कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

