उदयपुर,(ARLive news)। सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के तबादलों में राजनीतिक सिफारिश होती है, ये बात जग जाहिर है, लेकिन तबादला आदेश में उन सिफारिश करने वाले नेताओं के नाम भी दे दिया जाना, बड़ा ही हास्यास्पद होने के साथ ही निंदनीय भी है।
ऐसा ही एक उदाहरण राजसमंद सीएमएचओ ने पेश किया है। नेताओं को खुश करने की मानसिकता की हद तो इस आदेश में तब हुई जब सीएमएचओ ने तबादला आदेश की प्रतिलिपी सिफारिश करने वाले नेताओं को भेजने का जिक्र भी आदेश में कर दिया।
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजसमंद से 19 सितंबर को एक तबादला सूची जारी हुई। यह आदेश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेपी बुनकर ने जारी किए है। इसमें लिखा है कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवकीनंदन गुर्जर और विधायक प्रत्याशी व कांग्रेस कमेटी पूर्व जिला अध्यक्ष नारायण सिंह भाटी के निर्देशानुसार जनहित में निम्नांकित अधिकारियों, कर्मचारियों का कार्य व्यवस्थार्थ लगाया जाता है।
इसमें सूची में स्टाफ नर्स द्वितीय भारती गालव को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोही, ज्योति रैगर व सोनू सांसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रेलमगरा और फार्मासिस्ट रविन्द्र सिंह गहलोत को आरके हॉस्पिटल लगाया गया है।
सूची बाबू की ड्राफिंग गलती से जारी हो गयी, उसे निरस्त कर दिया है
सिफारिश करने वाले नेताओं के नाम के साथ तबादला सूची का आदेश गलती से जारी हो गया था। बाबू ने ड्राफिंग में गलती कर दी थी और आदेश मेरे पास हस्ताक्षर के लिए आ गए। कार्य की व्यस्तता में मैंने भी जल्दबाजी में आदेश में क्या लिखा है, उस पर ध्यान नहीं दिया और हस्ताक्षर कर दिए थे। जिससे वे ऑर्डर जारी हो गए थे। लेकिन यह सबकुछ गलती से हुआ था, ऐसे में ये आदेश निरस्त कर दिए गए हैं।



