राजस्थान,(ARLive news)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने गुरूवार को बूंदी जिले के लाखेरी डीएसपी ओमप्रकाश चंदोलिया को मासिक बंधी के 24 हजार रूपए लेते गिरफ्तार किया है। डीएसपी चंदोलिया परिवादी जोगेन्द्र सिंह से क्षेत्र में शराब की दुकान चलाने देने की एवज में यह रिश्वत राशि मासिक बंधी के नाम से ले रहा था। प्रति महीना 10 हजार रूपए मासिक बंधी तय हुई थी और तीन महीने की मासिक बंधी एक साथ ले रहा था।
एसीबी एडिएसपी चन्द्रशील ठाकुर ने बताया कि डीएसपी ओमप्रकाश चंदोलिया को लाखेरी स्थित उनके सरकारी निवास से 24 हजार रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। परिवादी की शिकायत का एसीबी ने जब सत्यापन करवाया था, उस दौरान भी डीएसपी चंदोलिया ने परिवादी से 6 हजार रूपए लिए थे। डीएसपी चंदोलिया को रंगे हाथों गिरफ्तार करने के बाद उनके सरकारी आवास की तलाशी ली गयी, जहां पर 1 लाख 15 हजार रूपए कैश और विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 10 बोतल, 35 क्वार्टर और बीयर भी बरामद हुई। सरकारी आवास पर भारी मात्रा में शराब देखकर तो एसीबी की टीम भी हैरान रह गयी।
मासिक बंधी नहीं देने पर झूठे मामले में फंसाने की दे रहे थे धमकी
एसीबी अधिकारी ने बताया कि परिवादी जोगेन्द्र ने एसीबी में शिकायत की, कि उसकी झालाजी का बराना में शराब की दुकान है। डीएसपी इस दुकान को चलाने की एवज में उससे 15 हजार रूपए मासिक बंधी मांग रहे थे और अप्रेल, मई, जून महीने की एक साथ मासिक बंधी देने का दबाव बना रहे थे। नहीं देने पर झूठा मुकदमा बनाकर फंसाने की धमकी दे रहे थे। काफी निवेदन के बाद वे तीनों महीने के एक साथ 30 हजार रूपए पर तैयार हो गए।
परिवादी ने जब एसीबी में डीएसपी चंदोलिया के मासिक बंधी के नाम से रिश्वत मांगने की शिकायत की, तो एसीबी ने सत्यापन करवाया। इस दौरान डीएसपी ने परिवादी से 6000 रूपए ले लिए और बकाया 24000 रूपए के लिए परिवादी को अपने सरकारी आवास पर बुलाया था। इस पर आज परिवादी डीएसपी के सरकारी आवाज पर रिश्वत राशि लेकर पहुंचा, वहां डीएसपी ने परिवादी से रिश्वत राशि के रूपए लेकर बिस्तर के नीचे रख दिए, तभी घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने दबिश दी और डीएसपी को गिरफ्तार कर बिस्तर के नीचे से बरामद किए।


