नई दिल्ली,(ARLive news)। चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक फिल्म पर रोक लगा दी है। फिल्म कल यानी 11 अप्रैल को रिलीज हो रही थी। कल ही लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग होनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए ऑन एयर हुए चैनल नमो टीवी पर चलाए जा रहे कंटेंट को लेकर लगातार विवाद बढ़ रहा था। इस पर फैसला होना बाकी है।
विपक्ष की ओर से शिकायत करने और लगातार सवाल उठने पर चुनाव आयोग ने सीबीएफसी को पत्र लिखकर फिल्म के प्रमाणन की स्थिति के बारे में उसे सूचित करने को कहा था। बुधवार को चुनाव आयोग ने इस पर फैसला ले लिया। आयोग ने आचार संहिता लागू रहने तक फिल्म रिलीज पर रोक लगाई है है।
विवेक ओबेरॉय स्टारर इस फिल्म को ओमंग कुमार ने डायरेक्ट किया है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) यानी सेंसर बोर्ड की तरफ से फिल्म को अनरिस्ट्रिक्टेड (यू) प्रमाण-पत्र जारी किया गया। उमंग ने एक बयान में कहा, ‘टीम और मुझे पता था कि हमने क्या बनाया है। यह एक सिनेमा है, कोई प्रोपागंडा नहीं और अब सेंसर बोर्ड ने इस बात को सत्यापित कर दिया है, जिसे हम कहते आ रहे हैं। फिल्म में मोदी के जीवन के शुरुआती दिनों से प्रधानमंत्री बनने तक की जीवन यात्रा को दर्शाया गया है।


