वाहन के कुचलने से कर्मचारी की मौत पर हुआ हंगामा
उदयपुर,(ARLive news)। राजसमंद के दरीबा में हिंदुस्तान जिंक की माइंस में मंगलवार को वाहन चालक (ऑपरेटर) की लापरवाही से जैक हटा रहे कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सभी माइंस बंद करवा दी और काम कर रहे विदेशी कर्मचारियों को नौकरी से हटाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार एसके माइंस में गाड़ियों की मेंटीनेंस टीम द्वारा चेकिंग हो रही थी। वाहन को चालक लेकर गया तो चेकिंग के लिए गाड़ी रूकी। वहां तैनात दीप सिंह ने गाड़ी चेक की और जब जैक हटा रहा था, तभी चालक ने गाड़ी चला दी, वाहन का पहीया दीप सिंह के सिर के उपर से निकल गया, इससे दीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
वाहन चालक पेरू देश का रहना बताया जा रहा है। हादसे में चंदेसर निवासी दीप सिंह 30 पुत्र लक्ष्मण सिंह की मौत हुई है। हादसे के बाद स्थानीय कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सभी माइंस में काम रोक दिया और मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता और विदेशी कर्मचारियों को हटाने की मांग की।
स्थानीय कर्मचारियों ने बताया कि अधिक मुनाफे के चलते माइंस प्रबंधन ने पेरू, चीन सहित अन्य देशों से कर्मचारियों को लाकर यहां नौकरी दी हुई है। स्थानीय कर्मचारियों और विदेशी कर्मचारियों की भाषा-बोलचाल अलग होने से एक-दूसरे की बात समझने में भी समस्या आती है। स्थानीय कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि विदेशी कर्मचारी अक्सर स्थानीय कर्मचारियों के प्रति लापरवाही का रवैया अपनाते हैं और माइंस में सुरक्षा के पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध नहीं रहते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जब माइंस के लिए हमसे जमीने ली गई थी, तब यह भरोसा दिलाया गया था कि यहां स्थानीय लोगों को रोजगार देने पर प्राथमिकता दी जाएगी। लेकिन यहां प्रबंधन विदेषी कर्मचारियों को नौकरियां बांट रहा है और स्थानीय लोगों को मौत मिल रही है। आए दिन माइंस में हो रहे हादसों में स्थानीय कर्मचारी काल का ग्रास बन रह हैं।


