
एसओजी एडि.एसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि अहमदाबाद में छीपा सोसायटी, दानी लिमड़ा निवासी शमशुद्दीन (60) पुत्र कमरूद्दीन छीपा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैग में कपड़ों के बीच से 3 किलो चरस के बरामद हुई, जिसे जब्त किया गया है और सूरजपोल थाने में एसओजी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। आरोपी यह चरस मध्यप्रदेश के जावद से अहमदाबाद गुजरात लेकर जा रहा था।
मुखबीर से सूचना थी कि नीमच से अहमदाबाद जानी वाली गणेश ट्रेवल्स एजेंसी की स्लीपर कोच बस में एक यात्री बड़ी संख्या में हथियार लेकर जा रहा है और हथियार अहमदाबाद में सप्लाई होने हैं। इस पर एसओजी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान के नेतृत्व में हेडकांस्टेबल धर्मेन्द्र, कांस्टेबल प्रदीप और पवन की टीम ने देबारी पर नाकाबंदी की।
गणेश ट्रेवल्स की बस देबारी से क्रॉस हुई, तो टीम ने इसका पीछा करना शुरू कर दिया। एसओजी टीम ने रात करीब डेढ़ बजे बस को उदयपुर शहर के अंदर आरसीए के पास रूकवाया और बस और सभी यात्रियों के सामान की तलाशी ली। शमशुद्दीन एक स्लीपर में सोता हुआ मिला। उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें कपड़ों के बीच पैकेट्स में 3 किलो चरस बरामद हुई है। सूत्रों के अनुसार इस चरस की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करोड़ों में कीमत आंकी जा रही है। चरस की सप्लाई अहमदाबाद से आगे दूसरे देशों में भी होनी थी।


