उदयपुर,(ARLive news)। लोकसभा चुनाव में विभिन्न पार्टियों के प्रत्याशियों और नेताओं पर इस बार मौसम ने सितम ढाया हुआ हैं। मार्च माह के अंत में ही पारा 40 डिग्री पार जा चुका है। जनसंपर्क, प्रचार और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में जनता के बीच जा रहे प्रत्याशियों की रंगत ही बदल गई है। पांच साल से एसी में बैठकर गोरे हुए नेता अब धूप में काले हो रहे हैं और कुछ की स्थिति तो ऐसी हो गयी है कि जनसंपर्क और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान गर्मी के कारण वे गश खाकर गिर रहे हैं, उनकी तबियत खराब हो रही है।
रविवार को चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह ईडवा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। वे चित्तौड़गढ़ में जौहर श्रद्धांजलि समारोह की शोभायात्रा में गए थे। शोभायात्रा में ही अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई और वे गश खाकर गिर गिए। उनके आस-पास मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया। उनकी तबियत खराब होने की सूचना पर मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी सीपी जोशी उनसे मिलने पहुंचे और उनकी कुशलक्षेम पूछी।