सूजस कार्यालय में सहायक प्रशासनिक अधिकारी पद पर कार्यरत है कार्मिक।
उदयपुर,(ARLive news)। लोकसभा आमचुनाव 2019 के तहत सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में स्थापित मीडिया प्रकोष्ठ में कार्यरत कार्मिक लक्ष्मण सिंह चौहान के शराब पीकर ड्यूटी पर आने एवं कार्यालय में ही शराब का सेवन करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आनंदी ने उसे निलंबित कर दिया है।
मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखित में शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि लक्ष्मण सिंह ने शनिवार को कार्यालय में अपनी सीट पर बैठकर ही शराब का सेवन किया एवं वहां कार्यरत अन्य कर्मचारियों एवं निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार व श्रमिकों के साथ अभद्रता करने लगा। इसी दौरान प्रभारी अधिकारी द्वारा उसे ऐसा न करने एवं कार्यालय से चले जाने को कहने पर उसने धक्का मुक्की की।
इससे पूर्व शुक्रवार को भी वह शराब पीकर ड्यूटी पर आया व पत्रकारों के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से पास बनवाने हेतु कार्यालय आई स्थानीय चैनल की महिला पत्रकारों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया व प्रकोष्ठ में कार्यरत अन्य कार्मिकों के साथ भी दिनभर अभद्रता की। शिकायत पर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आनंदी ने उसे निलंबित कर दिया है।

