नीलामी में प्राप्त राशि शहीद के परिवारों को जाएगी।
जयपुर,(ARlive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें मिले स्मृति चिन्हाें तथा उपहारों को नीलाम किया है। खासबात है कि नीलामी राशि पुलवामा के शहीद जवानों के परिवारों को दी जाएगी।भारत सेवा संस्थान के माध्यम से महावीर जैन स्कूल में हुए ‘वीरांजलि‘ कार्यक्रम हुआ। इसमें गहलोत को मिले स्मृति चिन्हों तथा उपहारों की नीलामी और भामाशाहों द्वारा समर्पित राशि से करीब 1.36 करोड़ रूपए की राशि प्राप्त हुई है। इनमें 1 करोड़ 6 लाख रूपए 239 चैक से प्राप्त हुए, वहीं 30 लाख रूपए का सहयोग उपलब्ध कराने के लिए दानदाताओं ने अपनी प्रतिबद्धता दर्शायी। भामाशाहों ने शहीदों के परिवारों के लिए पांच फ्लैट भी समर्पित किए।
कार्यक्रम ‘वीरांजलि‘ में मौजूद रहे गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार देश की सीमाओं की रक्षा करते शहीद हुए हमारे जांबाज सैनिकों के परिवारों की मदद में कोई कमी नहीं आने देगी। यह राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष के माध्यम से पुलवामा में शहीद हुए जवानों के परिवारों की मदद के लिए दी जाएगी।
भारत सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने बताया कि कारगिल युद्ध में शहीद जवानों एवं सुनामी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भी स्मृति चिन्ह एवं उपहारों के नीलामी कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।


