
जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ ने आज साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कश्मीरी युवाओं को आंतक से दूर रहने की नसीहत भी दी। सेना ने आतंकियों की माताओं से अपील की कि वह अपने बच्चे को सरेंडर करने को कहें। सेना के लेफ्टिनेंट जनरल के जेएस ढिल्लन ने भटके कश्मीरी युवाओं की माताओं से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चों को जो आतंकी संगठन से जुड़े हैं उन्हें सरेंडर करने के लिए मनाएं। हम सरेंडर करनेवालों के लिए कई तरह के अच्छे कार्यक्रम चला रहे हैं, उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी वारदातों में शामिल रहने वालों के लिए कोई रहमदिली नहीं दिखाई जाएगी, सेना उनका खात्मा करने को मजबूर होगी।
ले. ज. केजेएस ढिल्लन जीओसी चिनार कॉर्प्स ने कहा, मुठभेड़ में जैश के 3 कमांडर ढेर हुए हैं। इस हमले में और कौन शामिल थे और क्या प्लान थे, यह हम शेयर नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा, जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान आर्मी का ही बच्चा है। इस हमले में पाकिस्तानी सेना का 100 फीसदी इनवॉल्वमेंट हैं।
कश्मीर पुलिस के आईजी एसपी पाणि ने कहा, पिछले साल जैश 56 आतंकी मारे गए और इस साल भी अब तक मारे गए 31 आतंकियों में से 12 जैश के थे। उन्होंने कहा, कश्मीर में युवाओं आतंक से जुड़ने में बनने में कमी आई है। घाटी में जो भी घुसपैठ करेगा वह जिंदा नहीं बचेगा। लेफ्टिनेंट जनरल ढिल्लन ने जैश के चीफ कमांडर गाजी रशीद के लिए कहा, कितने गाजी आए कितने चले गए, हम उन्हें ऐसे ही हैंडल करेंगे कोई भी आए।’ उन्होंने कहा, ‘हमारा फोकस क्लियर है जो भी घाटी में घुसपैठ करेगा, वह जिंदा नहीं लौटेगा।’ उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में पाकिस्तान द्वारा घुसपैठ जारी है, लेकिन घुसपैठ में काफी हद तक कमी आई है।
सोर्स: जीएनएस न्यूज एजेंसी

