
कांग्रेस सहित कई पार्टियां ईवीएम की बजाए बैलेट पेपर के जरिए चुनाव कराने की बात कर रही हैं। इसपर मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दिल्ली के एक कार्यक्रम में कहा, मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि बैलेट पेपर के जमाने में वापस नहीं जाने वाले हैं।
विपक्षी दलों की ओर से भी बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग ने जोर पकड़ लिया। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल लगातार बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। इस पर आज सुनील अरोड़ा ने कहा कि हम ईवीएम और वीवीपेट्स का इस्तेमाल जारी रखेंगे। उन्होंने आगे कहा, हम किसी भी पक्ष जिसमें राजनीतिक पार्टियां भी शामिल हैं, की आलोचना और फीडबैक का स्वागत करते हैं। सुनील अरोड़ा ने यह भी कहा कि हम इन सबसे डरने या परेशान होने वाले नहीं हैं और ऐसे में बैलट पेपर्स का दौर फिर से नहीं लौटेगा।
ताजा विवाद से कुछ दिन पहले ही देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने कहा था कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से छेड़छाड़ नहीं हो सकती है। दरअसल, कुछ विपक्षी दल चुनाव आयोग से 2019 का लोकसभा चुनाव ईवीएम की बजाय बैलट पेपर से कराने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सीईसी ने कहा था, हम अपनी पूरी कोशिश करेंगे और मुझे विश्वास है कि हम एक विश्वसनीय, निष्पक्ष, तटस्थ और नैतिक चुनाव कराने में सफल होंगे।
सोर्स: जीएनएस न्यूज एजेंसी

