
पुलिस ने बताया कि सैलाना, मध्यप्रदेश निवासी माणकलाल पाटीदार व्यापार के काम से उदयपुर कृषिमंडी आए थे। मंडी में वे हरेन्द्र कुमार गजेन्द्र कुमार से मिले और वहां से 20 हजार रूपए लिए। माणकलाल ने रूपए पेंट की जेब में रखे हुए थे, वे पैदल-पैदल संभवनाथ ट्रेडिंग कंपनी की तरफ जा रहा था और हाथ में एक थेला था। तभी लाल रंग की बुलेट बाइक पर दो युवक आए। एक युवक ने पुलिस जैसी खाकी जैकेट पहनी हुई थी।
युवक ने पुलिसिया रौब दिखाते हुए व्यापारी माणकलाल को रोका और उनका आधारकार्ड चेक किया। युवकों ने व्यापारी को झांसे में लेने के लिए कहा यहां दंगा हो रहा है और तुम यहां थैला लेकर घूम रहे हो। दिखाओ थैले में क्या है, यह कहते हुए व्यापारी का थैला चेक किया और उसकी जेब भी चेक की, जेब से निकले 20 हजार रूपए देखकर कहा ये रूपए थैले में डालो और यहां से जाओ। व्यापारी ने रूपए थैले में रखे और जैसे ही चलने को हुआ, उन युवकों ने दोबारा व्यापारी को रोका और संदेह से पूछा कुछ और तो नहीं है थैले में, यह कहकर दोबारा थैला चेक करने लिया, थैला देखा और व्यापारी को पकड़ा दिया। युवक वहां से रवाना हो गए। कुछ दूर आने पर व्यापारी ने जैसे ही अपना थैला देखा, रूपए उसमें नहीं थे, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला।

