आर्थिक सहायता की मांग कर परिजनों ने शव लेने से किया इनकार।
उदयपुर,(ARlive news)। शहर के समोर बाग क्षेत्र में रविवार को एक युवक की रेस्टोरेंट में काम करते समय मौत हो गई। युवक रेस्टोरेंट में वेटर था और बिजली का कुछ काम कर रहा था, तभी करंट लगने से यह हादसा हुआ। सहकर्मी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रात से ही परिजनों ने रेस्टोरेंट मालिक से आर्थिक की मांग की और नहीं दिए जाने पर शव लेने से इनकार कर दिया। सोमवार सुबह रेस्टोरेंट मालिक आर्थिक सहायता देने को तैयार हुआ और इसके बाद पोस्टमार्टम हो सका।
परिजनों ने बताया कि नाथ़द्वारा निवासी सुरेन्द्र सिंह राठौड़ 24 समोरबाग के पास द फूड रेस्टोरेंट में वेटर था। रविवार को सुरेन्द्र रेस्टोरेंट के डीप फ्रिज पर काम कर रहा था, तभी तेज करंट लगने से वह झुलस गया और वहीं गिर गया। गंभीर हालत में रेस्टोरेंट सहकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजना नाथद्वारा से उदयपुर एमबी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने से उन्होंने रेस्टोरेंट मालिक से 5 लाख रूपए आर्थिक सहायत देने की मांग की और तब तक शव लेने से इनकार कर दिया।
सोमवार सुबह मोरचरी में परिजनों की ओर से 50 से अधिक लोग इकट्ठे हो गए और रेस्टोरेंट मालिक को मोरचरी बुलाया। पुलिस ने परिजनों की काफी समझाइश की और उन्हें शांत किया। रेस्टोरेंट मालिक भी मोरचरी पहुंचा और परिजनों से हुई बातचीत के बाद आर्थिक सहायता देने के लिए तैयार हो गय। दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लिया।
