उदयपुर,(ARlive news)। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को सलूम्बर क्षेत्र के सल्लाडा में भाजपा प्रत्याशी अमृत लाल मीणा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि काम हुए है और आगे भी होते रहेंगे। जनता को सिर्फ हमें आशीर्वाद देते रहना है।उन्होंने लोगों से कहा कि मैने कोई भी काम आपसे पूछे बिना नहीं किया है। अब फिर से हमारी सरकार बनेगी तब भी कोई भी काम आपको पूछे बिना नही करेंगे।
वसुंधरा ने कहा कि विधायक अमृत लाल मीणा हमेशा सक्रिय रहे। हम माही का पानी जयसमंद में लाएंगे। हम नहरों को मजबूत करने का काम कर रहे है, जिससे कि सभी किसानों को पानी मिल सके। वसुंधरा ने महिलाओं से कहा कि सुबह जल्दी उठ कर मतदान करने जरूर जाएं। वसुंधरा ने कहा हमने सलूम्बर से उदयपुर रोड का काम हो या फिर देवेंद्र एनीकट का काम, हमने काम में कमी नहीं रखी। आप कड़ी से कड़ी मिलाओगे तो हम भी काम मे कोई कमी नहीं रखेंगे।
जो कांग्रेस ने सोचा नहीं, भाजपा ने कर दिखाया
सभा में सांसद अर्जुन लाल मीणा ने कहा कि जितने काम कांग्रेस में नहीं हुए, उससे कहीं ज्यादा काम भाजपा ने करवा दिए है, चाहे स्कूलों को क्रमोन्नत करना हो, नहरों का सुदृढ़ीकरण हो, पेयजल व्यवस्था हो या सड़कें बनानी हो, भाजपा ने काम में कहीं कमी नहीं रखी है। मीणा ने कहा कि मैं जब भी क्षेत्र के विकास की कोई भी योजना सरकार के पास लेकर गया तो सरकार ने इसे पास करने में कभी देरी नहीं की है।सभा में सलूम्बर प्रत्याशी अमृतलाल मीणा, विस्तारक प्रभारी हरिहर पारीक, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी शर्मा, देहात महामंत्री नरेंद्र मीणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गोपाल कुंवर, सहित पांचों मंडल अध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल रहे।


