
खासबात रही कि केस में 22 आरोपियों में से किसी ने भी बचाव में गवाह लाने में रूचि नहीं दिखाई और गवाह लाने से मना कर दिया। इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने बचाव में गवाह लाने की बात 313 के तहत हुए बयान में कही थी, लेकिन उन्होंने भी गवाहों की सूची पेश नहीं की और गवाह लाने से मना कर दिया। ऐसे में केस अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है और इस सोमवार से केस में फाइनल आर्गुमेंट भी शुरू हो जाएगा। पहले पब्लिक प्रोसीक्यूटर बीपी राजू सीबीआई की ओर से अपना पक्ष रखेंगे। पब्लिक प्रोसीक्यूटर की बहस के बाद बचाव पक्ष के वकील अपना-अपना पक्ष रखेंगे।
गौरतलब है कि सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस में सीबीआई ने राजनेताओं, आईपीएस अधिकारी, व्यवसायी सहित कुल 38 लोगों के खिलाफ चालान पेश किया था। इनमें से सभी राजनेता, आईपीएस अधिकारी और व्यवसायी सहित कुल 16 आरोपी बरी हो चुके हैं। खासबात यह है कि बरी हो चुके 16 आरोपी वे हैं, जिन्हें सीबीआई ने चार्जशीट में मुख्य षडयंत्रकारी और मुख्य मोटिव से संबंधित आरोपी बताया है। ऐसे में सोमवार से कोर्ट में शुरू होने वाली अंतिम बहस में यह देखना दिलचस्प होगा कि सीबीआई अपनी ही पेश की गई चार्जशीट की कहानी के अनुसार ही बहस करती है, या सिर्फ ट्रायल फेस कर रहे 22 आरोपियों के विरूद्ध तक ही बहस सीमित रखती है।
16 बरी हो चुके और 22 ट्रायल फेस कर रहे आरोपियों की सूची
: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष तत्कालीन गृहराज्य मंत्री अमित शाह, राजस्थान गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, मार्बल व्यवसायी विमल पाटनी, अहमबाद को-ऑपरेटिव बैंक के चैयरमेन अजय पटेल, डायरेक्टर यशपाल चूडास्मा, राजस्थान आईपीएस दिनेश एमएन, गुजरात आईपीएस डीजी बंजारा, राजकुमार पांडियन, नरेन्द्र अमीन, अभय चूडास्मा, विपुल अग्रवाल, गीता जौहरी, तत्कालीन डीजीपी पीसी पांडे, एडीजी ओपी माथुर, हैदराबाद आईपीएस एन बालसुब्रह्मण्यम, राजस्थान कांस्टेबल दलपत सिंह बरी हो चुके हैं।
: गुजरात पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश कुमार परमार, एनएच डाबी, बालकृष्ण चौबे, एनवी चौहान, वीके राठौड़, आशीष पांड्या, रमनभाई पटेल, कांस्टेबल अजय कुमार परमार, संतराम शर्मा, करण सिंह सिसोदिया, किरण सिंह चौहान, विनोद कुमार लिंबाचिया, कांजीभाई, जेठा सिंह सोलंकी, गुजरात व्यवसायी राजू जीरावाला, राजस्थान इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, एसआई हिमांशु सिंह, श्याम सिंह, एएसआई नारायण सिंह, कांस्टेबल युद्धवीर सिंह, करतार सिंह, हैदराबाद इंस्पेक्टर जीएस राव ट्रायल फेस कर रहे हैं।


