
सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमने तो आदिवासियों की शिक्षा के लिए यूनिवर्सिटी बनाई तो इसका नाम हमारे किसी पूर्वज के बजाए गोविंद गुरू के नाम पर रखा। क्यों कि भाजपा के लिए पूरी पार्टी ही एक परिवार है, लेकिन कांग्रेस के लिए परिवार ही पार्टी है।
मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि जब वाजपेयी प्रधानमंत्री बने थे, तब से आदिवासियों के बारे में सरकारों ने सोचना शुरू किया था। वाजपेयी ने ही पहली बार आदिवासियों के लिए अलग से मंत्रालय, मंत्री बनाया और विकास के लिए अलग से बजट जारी किया था। लेकिन कांग्रेस ने इससे पहले कभी इस ओर नहीं सोचा था।

मोदी ने भाषण में कांग्रेस को जातिवाद वाली पार्टी बताया। मोदी ने कहा कि ये लोग सिर्फ जाति के नाम पर चुनाव लड़ना जानते हैं। ये तो हमारे महापुरूषों से भी उनकी जाति पूछ सकते हैं। जो कांग्रेस पार्टी ने देश में 60 वर्षों में नहीं किया, उससे चार गुना काम हमने इन चार वर्षों में देश के लिए किया है।


