इसी अपार्टमेंट में रहने वाले युवक ने दोस्तों को 10-10 हजार रुपये देने का लालच देकर करवाई चौकीदार की हत्या।

एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि अपार्टमेंट निवासी दिलीप रैगर, रजा नगर किशनपोल निवासी अशफाक पुत्र मुबारिक हुसैन और खांजीपीर निवासी वसीम उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया है। चौकीदार की हत्या में दिलीप के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी दिलीप ने पूछताछ में बताया कि वह इसी अपार्टमेंट में रहता है और टूर एंड ट्रेवल्स का काम करता है। काम से वह अक्सर रात को फ्लैट पर लेट आता-जाता था। चौकीदार उसको टोकता था औऱ सीसीटीवी कैमरे के फुटेज दिखाकर उसे कमियां बताई जाती थी।
चौकीदार का इस तरह उसे टोकना और अपार्टमेंट के दूसरे लोगों से शिकायत करना उसे नगवार गुजरा। इस पर उसने अपने दोस्तों खांजीपीर निवासी लव उर्फ प्रेम , वसीम उर्फ चिंटू, मुनाजिर उर्फ मुन्ना, बरकत कॉलोनी सवीना निवासी मनीष, राजा, अशफाक के साथ मिलकर चौकीदार नटवर सिंह को सबक सिखाने की योजना बनाई। दिलीप ने इस काम के लिए दोस्तों को 10-10 हजार रुपये देने का भी लालच दिया। घटना कारित करने के लिए अपनी कार भी दी। दिलीप के दोस्त योजना के अनुसार रात को देर से आये, इससे पहले इन्होंने सभी सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए थे। आरोपियों ने चौकीदार को रस्सी से बांधा और मारपीट की, इसके बाद गार्ड रूम में ही तकिए से मुंह दबा दम घोंट कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सभी आरोपी सीसीटीवी का डीवीआर भी उठा कर ले गए।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से लगा सुराग
पुलिस ने बताया कि मौका-मुआयना के बाद आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इसमें आरोपियों की गतिविधि संदिग्ध लगी। इस पर पुलिस ने आरोपी दिलीप को पकड़ कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हो गया। उसने दोस्तों के जरिये चौकीदार की हत्या करवाना कबूल किया। पुलिस ने दिलीप की सूचना पर दोस्त वसीम उर्फ चिंटू को पकड़ा और पूछताछ की, तो उसने भी यही घटनाक्रम बताया जो दिलीप ने बताया था। इस पर पुलिस ने तीन आरोपियों को चौकीदार की हत्या के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
मामले के खुलासे में एएसपी पारसमल जैन, सवीना थानाधिकारी संजीव स्वामी, सूरजपोल थानाधिकारी आदर्श कुमार, एसटीएफ के गोवर्धन सिंह भाटी और एसआई घेवर चंद सहित जाब्ते की मुख्य भूमिका रही है।


