बदमाशों ने सबूत मिटाने सीसीटीवी कैमरे तोड़े और डीवीआर साथ ले गए।

पुलिस ने बताया कि चौकीदार का नाम नटवर था। बूंदी निवासी नटवर उदयपुर में महावीर सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता था। तीतरड़ी स्थित रॉयल लोटस अपार्टमेंट में पहले कोई दूसरा चौकीदार काम करता था। उसके छुट्टी पर जाने से एजेंसी ने नटवर को यहां ड्यूटी पर भेजा था। ऐसे में नटवर तीन दिन पहले ही इस अपार्टमेंट में चौकीदारी की ड्यूटी कर रहा था। सुबह अपार्टमेंट में रहने वालों ने नटवर को गार्डरूम में मरा हुआ देखा तो सनसनी फैल गई।
सूचना पर थानाधिकारी संजीव स्वामी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने नटवर के हाथ-पैर रस्सी से बांधे और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने मौके से साक्ष्य मिटाने और पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और डीवीआर उठा कर ले गए।
पुलिस ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या यह मामला रंजिश का लगता है। बदमाशों ने चौकीदार से कुछ भी लूटने का प्रयास नहीं किया है। ऐसे में मृतक नटवर की मोबाइल कॉल डिटेल चेक की है, उससे संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के असली कारणों और हत्यारों तक पहुंचा जा सके। पड़ताल में कुछ लोग संदेह के घेरे में हैं, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हत्या का कारण किसी लड़की से जुड़ा हुआ भी हो सकता है।


