पत्नी के जाने से खफा था युवक।
धमाका होते ही उड़ गए चिथड़े।
धमाका करने में डेटोनेटर का किया उपयोग।
माइंस से चोरी हो रहे डेटोनेटर से शहर की सुरक्षा को बड़ा खतरा।
उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के बलीचा स्थित सैकंडरी स्कूल के पास एक युवक विनोद मीणा ने शनिवार रात खुद को डेटोनेटर लगाकर उड़ा दिया। युवक के चीथड़े चारों ओर बिखर गए। धमाके की आवाज सुनकर आस-पास के लोग वहां पहुंचे तो माजरा भयावह था।
सूचना पर थानाधिकारी भवानी सिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मृतक बलीचा कच्ची बस्ती निवासी विनोद (30) पुत्र बद्रीलाल मीणा पत्नी के खफा होकर जाने से नाराज था। युवक माइंस में पत्थर तोड़ने का काम करता था, ऐसे में पुलिस को संदेह है कि वह डेटोनेटर वहीं से चुरा कर लाया होगा।
पांच दिन पहले घरेलू बात पर खफा होकर पत्नी कहीं चली गई थी। विनोद पत्नी का तीन दिनों से तलाश रहा था। पत्नी के नहीं लौटने पर परेशान युवक शनिवार रात को घर लौटा। कुछ देर रुका और फिर चला गया। वह पास स्थित एक स्कूल पहुंचा और खुद के पेट पर डेटोटेनटर बांध कर माचिस की तीली से आग लगा दी। चंद सैकंड में बहुत तेज धमाका हुआ और उसके चीथड़े उड़ गए। पुलिस ने मौके की एफएसएल जांच कराई है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया युवक के तीन बच्चे हैं। वह मूलत: सेहरी टीडी का रहने वाला है, लेकिन करीब 15 वर्षों से बलीचा कच्ची बस्ती में रह रहा था। पत्नी के नाराज होकर जाने के बाद से वह काफी परेशान था। पुलिस अब पत्नी की तलाश कर रही है।
शहर की सुरक्षा पर भी खतरा
डेटोनेटर से इस प्रकार खुद को उड़ा लेने की इस घटना से शहर की सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा होता है। इस घटना से यह भी स्पष्ट है कि माइंस में मजदूरों की सही तलाशी नहीं होने से वहां से डेटोनेटर चोरी हो रहे हैं। ऐसे में शहर की सुरक्षा को बड़ा खतरा पैदा हो सकता है।




